सपा की लोक सभा की उम्मीदवार काजल निषाद को पड़ा दिल का दौरा
गोरखपुर में रविवार को समाजवादी पार्टी की लोकसभा प्रत्याशी और भोजपुरी अभिनेत्री काजल निषाद को दिल का दौरा पड़ा। गंभीर हालत में देर शाम परिजन उन्हें लेकर लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल के लिए रवाना हुए। बीते 5 अप्रैल को ब्लड प्रेशर बढ़ने की शिकायत पर उन्हें शहर के स्टार हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। काजल के साथ कुछ सपा कार्यकर्ता भी लखनऊ गए हैं।
फिल्म अभिनेत्री हैं काजल निषाद
समाजवादी पार्टी से घोषित उम्मीदवार काजल निषाद भोजपुरी फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री हैं। काजल निषाद का जन्म मुंबई शहर में हुआ था। उनके माता-पिता कच्छ गुजरात से हैं और मुंबई में बस गए हैं। काजल ने गोरखपुर के भऊआपार गांव के रहने वाले भोजपुरी फिल्म निर्माता संजय निषाद से शादी की है। टीवी सीरियल से अपना कैरियर बनाने वाली काजल निषाद 2012 और 2022 में विधानसभा चुनाव और फिर 2023 के निकाय चुनाव में हार की हैट्रिक लगाने के बाद चौथी बार फिर राजनीति में भाग्य आजमा रही हैं।
अखिलेश यादव ने काजल को दिलाई थी पार्टी की सदस्यता
7 अगस्त 2021 को काजल निषाद को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। काजल करीब 1 हजार समर्थकों के साथ सपा में शामिल हुई थीं, तभी से काजल लगातार राजनीति में एक्टिव हैं। वे अखिलेश यादव के संपर्क में रहने के साथ ही हर बड़े मुद्दे पर बेबाकी से अपनी बात रखती हैं।