धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट
कुशीनगर। और इसी बीच उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में नारायणी नदी में नाव के पलट जाने से कम से कम 3 महिलाओं की डूबने से मौत हो गई। इस तरह के हादसों की अधिकता बढ़ती जा रही है।रिपोर्ट के अनुसार, जब यह घटना हुई तो उस समय नाव में 9 महिलाओं सहित 10 लोग सवार थे। हालांकि, स्थानीय लोग और मछुआरे 7 लोगों को बचाने में कामयाब रहे, जबकि 3 लापता हो गए। एक घंटे बाद नारायणी नदी से 3 शव बरामद किए गए।बताया गया कि नाव पर सवार सभी 9 महिलाएं मजदूर थीं और किनारे पर अपनी फसल की खेती करने जा रही थीं। घटना के कुछ ही देर बाद आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई, हालांकि कुशीनगर के डीएम, एसपी और विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। आशंका जताई जा रही है कि नाव के पलटने का कारण उसमें छेद होना हो सकता है।बताया जा रहा है मृतकों में दो नाबालिग भी थे। मरने वालों में आसमा खातून (38), गुड़िया (17) व सोनी (16) थे। बचाए गए लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक ट्वीट कर इस घटना पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की है।कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक सचिंद्र पटेल ने बताया कि हनुमानगंज थाना क्षेत्र के पनियहवा गांव के रहने वाले 10 लोग खेतों में काम करने के लिए एक छोटी नाव पर सवार होकर गंडक नदी पार कर रहे थे। रास्ते में खड्डा थाना क्षेत्र के सलिकापुर गांव के पास उनकी नाव डगमगा कर पलट गई।