छावनी क्षेत्र में सड़क पर जला दिया शव,आखिर किसका था वो शव :पहचान कराने में जुटी पुलिस
मेरठ। सदर बाजार के छावनी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सड़क पर जला शव मिलने पर सनसनी फैल गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस शव किसका है, यह पता लगाने में जुटी है। थाने में भी सुबह तक किसी के गुम होने की कोई शिकायत नहीं आई है।
510 आर्मी बेस वर्कशॉप के सामने से जा रहे फ्लाई ओवर के नीचे सुबह करीब सात बजे कुछ लोगों ने एक चिता देखी। यह चिता सड़क पर बनी थी और उसमें अधजला शव भी दिखाई दे रहा था। लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पाकर सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। साफ पता चल रहा था कि रात में यह शव जलाया गया है। तत्काल फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया। लोगों की भीड़ जमा होती चली गयी। आनन फानन में पुलिस ने अधजले शव को वहां से हटवा दिये। पुलिस फिलहाल आस पास में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। सीओ कैंट प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि शव किसका था, इस बात का पता लगाने का प्रयास पुलिस कर रही है। इसके अलावा किसके द्वारा यह वारदात की गई है, इसके लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। संभवत: रात में कोई विवाद हुआ और इसी दौरान हत्या कर शव जलाया गया है। उधर, छावनी क्षेत्र में इस तरह की वारदात सामने आने के बाद हड़कंप मचा है। सवाल उठाए जा रहे हैं कि अत्याधिक सुरक्षा वाले इस क्षेत्र में आखिरकार कैसे कोई वारदात कर फरार हो गया।