ससुर से विवाद होने पर दो बच्चों संग नदी में कूदी मां
प्रतापगढ़ के सांगीपुर थाने क्षेत्र के घरेलू कलह से आजिज आकर रविवार की देर शाम एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ नदी में छलांग लगा दिया था। ग्रामीणों की तत्परता से महिला को बचा लिया गया था। लेकिन उसके दोनों बेटे नदी की जलधारा में बह गये थे। अगले दिन सोमवार को दोपहर दोनों बच्चों का शव नदी में उतराया मिला। दोनों बच्चों के मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कोठा नेवढ़िया गांव की चालीस वर्षीया श्यामा देवी पत्नी रामनाथ वर्मा का परिवार में ससुर से विवाद चल रहा था। विवाद इतना बढ़ा कि रविवार को वह अपने बड़े बेटे बारह वर्षीय अनिकेत व छोटे बेटे सात वर्षीय अंकित को लेकर घर से शाम करीब साढ़े सात बजे पूरे तुला उपाध्यायपुर सई घाट पर पहुंची। इसके बाद अचानक वह दोनों बच्चों को लेकर नदी में कूद गयी। कुछ दूर पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने महिला को नदी मे छलांग लगाते देखा तो भागकर वहां पहुंचे। ग्रामीणों ने नदी के पानी में डूब रही महिला को बचा लिया लेकिन उसके दोनों बेटे बह गये। जानकारी होने पर पुलिस ने खोजबीन शुरू की और बनियानार घाट के पास जाल लगवा दिया। अगले दिन सोमवार को ग्रामीण नदी में समाये दोनों भाईयों की खोजबीन में जुटे रहे। उधर नाव व स्थानीय गोताखोरों की मदद से पुलिस भी तलाश करती रही। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बनियानार घाट के समीप पहले छोटे भाई अंकित और कुछ देर बाद अनिकेत का शव ग्रामीणों ने बरामद किया। जानकारी होने पर खोजबीन में जुटी पुलिस भी वहां पहुंच गयी। सूचना मिलने पर दोनों बच्चों के परिवार के लोग भी वहां पहुंचे और शव देख रोने बिलखने लगे। एसओ मनीष तिवारी का कहना है कि शव का पंचनामा कर पीएम के लिए भेजा जा रहा है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।